हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन SP हिंदुजा का निधन: 87 साल की उम्र में लंदन में ली आखिरी सांस


नई दिल्लीएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन श्रीचंद परमानन्द हिंदुजा यानी SP हिंदुजा का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। वे बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। एसपी हिंदुजा चार भाइयों में सबसे बड़े थे। लंदन में उनका निधन हुआ है।

एसपी हिंदुजा डिमेंशिया यानी भूलने की बीमारी से पीड़ित थे। उनकी पत्नी मधु का इसी साल 6 जनवरी को निधन हुआ था। उनकी दो बेटियां शानू और वीनू हैं। 1952 में शिक्षा पूरी करने के बाद एसपी हिंदुजा अपने पिता के पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ गए थे।

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ‘गोपीचंद, प्रकाश, अशोक और पूरे हिंदुजा परिवार को आज हमारे परिवार के संरक्षक और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन एसपी हिंदुजा के निधन की घोषणा करते हुए बहुत दुख हो रहा है। वे परिवार के मेंटॉर थे।’

पिता के निधन के बाद संभाली विरासत
हिंदुजा ग्रुप ब्रिटेन के सबसे अमीर कारोबारी घरानों में से एक है। 1971 में परमानंद हिंदुजा के निधन के बाद, उनके बेटों ने पारिवारिक विरासत संभाली। इनकी प्रमुख कंपनियों में अशोक लेलैंड, गल्फ ऑयल, हिंदुजा बैंक स्विट्जरलैंड, इंडसइंड बैंक, हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस, हिंदुजा टीएमटी, हिंदुजा वेंचर्स, इंडसइंड मीडिया एंड कम्युनिकेशंस लिमिटेड हैं।

बोफोर्स घोटाले से भी जुड़ा था नाम
श्रीचंद, गोपीचंद और प्रकाश हिंदुजा का नाम बोफोर्स घोटाले में भी सामने आया था। इस घोटाले में स्वीडिश कंपनी बोफोर्स पर यह आरोप लगाया गया कि उसने 1986 में भारत सरकार को 1.3 अरब डॉलर की रिश्वत दी थी। इसमें तीनों भाइयों ने मदद की थी। तीनों भाइयों पर CBI ने अक्टूबर 2000 में ये आरोप लगाए थे, मगर साल 2005 में दिल्ली की कोर्ट ने सबूत के अभाव में उन पर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया।

SP हिंदुजा से जुड़े कुछ फैक्ट्स

  • 1964 में एसपी हिंदुजा को बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘संगम’ के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स मिले थे। उन्हें इससे लाखों डॉलर की कमाई हुई।
  • 1992 में एसपी हिंदुजा के बेटे धरम हिंदुजा और उनकी पत्नी ने मॉरिशश में खुद को आग लगा ली थी। इसमें धरम हिंदुजा की मृत्यु हो गई थी।
  • 1993 में बैंकिंग सेक्टर में कदम रखा था और उन्होंने इंडसइंड बैंक की नींव रखी। 1994 में इंडसइंड मीडिया एंड कम्युनिकेशंस की नींव भी रखी थी।
  • 1994 में एसपी हिंदुजा ने बैंकी प्रिवी की स्थापना की थी। इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जिनेवा में है। भारतीय स्वामित्व वाला एकमात्र स्विस बैंक है।
  • 2006 में हिंदुजा ब्रदर्स ने लंदन के कार्लटन हाउस टेरेस स्ट्रीट पर 25-बेडरूम वाले एक मेंशन पर 58 मिलियन डॉलर खर्च किए थे।
  • एसपी हिंदुजा स्ट्रिक्ट वेजिटेरियन थे। जब भी वह विदेश यात्रा करते हैं तो वह अपने शेफ के साथ यात्रा करना पसंद करते थे।
  • फोर्ब्स के अनुसार हिंदुजा ब्रदर्स की नेटवर्थ दिसंबर 2022 में 15.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.2 लाख करोड़ रुपए थी।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *