8 घंटे पहले
फिल्ममेकर रोहित धवन और वाइफ जानवी धवन दूसरी बार पेरेंट्स बन गए हैं। कपल ने अपने घर एक बेबी बॉय का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रोहित हॉस्पिटल से निकलते हुए नजर आ रहे हैं। रोहित फिल्ममेकर डेविड धवन के बड़े बेटे हैं और उनके छोटे भाई वरुण धवन, जो एक एक्टर हैं।
पैपराजी ने दी रोहित को बधाई
वीडियो में रोहित ब्लू शर्ट पहने अपने पिता डेविड धवन के साथ हॉस्पिटल से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पैपराजी को ‘बधाई हो रोहित सर’ कहते हुए सुना जा सकता है। बता दें मार्च में वरुण की वाइफ ने जानवी के लिए बेबी शॉवर होस्ट किया था। अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने फंक्शन की फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर की थी।
शादी से पहले 7 साल तक डेट किया था कपल ने
रोहित और जानवी ने शादी से पहले एक-दूसरे को 7 साल तक डेट किया। जिसके बाद दोनों ने गोवा में फरवरी 2012 में शादी कर ली थी। रणबीर कपूर, अमीषा पटेल, ऋषि कपूर, सोनम कपूर और गोविंदा जैसे सेलेब्स शादी में शामिल हुए थे। साल 2018 में कपल ने अपने घर फर्स्ट चाइल्ड बेबी गर्ल का वेलकम किया था। वरुण अक्सर अपनी भतीजी नियारा के साथ इंस्टाग्राम पर फोटोज शेयर करते रहते हैं।
रोहित की पहली फिल्म ‘देसी बॉयज’ थी
रोहित की पहली फिल्म बतौर डायरेक्टर ‘देसी बॉयज’ थी। साल 2011 में आई फिल्म में अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण और चिद्रांगदा सिंह ने लीड रोल प्ले किया था। 2016 में आई वरुण धवन स्टारर ढिसुम को निर्देशन भी रोहित ने किया था। रोहित फिलहाल अपनी अगली फिल्म शहजादा पर काम कर रहे हैं। कार्तिक आर्यन, कृति सेनन और परेश रावल स्टारर फिल्म इस साल 4 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।