क्या हो रहा है वायरल : गुजरात के मोरबी में बीते रविवार की शाम सस्पेंशन ब्रिज गिरने से 134 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि ब्रिज पर लोगों की भीड़ है। इस भीड़ में कई लोग ब्रिज की रस्सी पकड़ कर उसे जमकर हिलाते हुए नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये हादसे से ठीक पहले का है। जब कुछ लोग ब्रिज की रस्सी को जमकर हिलाते हुए नजर आए। भाजपा नेता प्रीति गांधी ने वीडियो शेयर कर लिखा- यह भयावह है। मोरबी ब्रिज गिरने से पहले कुछ युवकों को ब्रिज के केबल को लात मारते हुए देखा गया। वहां मौजूद लोगों ने भी इसकी पुष्टि की है।
विजय पटेल नाम के यूजर ने लिखा- इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुल पर भारी भीड़ थी और कुछ लोग इसे खतरनाक तरीके से हिलाकर दूसरों की जान से खेल रहे थे।
और सच क्या है?
- सच जानने के लिए हमने वायरल वीडियो और हादसे का लाइव CCTV फुटेज चेक किया। इन दोनों वीडियो को देखने पर हमें पता चला कि वायरल वीडियो हादसे के दिन का नहीं बल्कि पुराना है।

- पड़ताल के अगले चरण में हमने यूट्यूब पर मोरबी ब्रिज के पुराने सर्च करने शुरू किए। सर्च रिजल्ट में हमें वायरल वीडियो से मिलता जुलता वीडियो Mr. Sanaliya नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला।
- ये वीडियो चैनल पर 2 दिसंबर 2018 को अपलोड हुआ था। वहीं, इस वीडियो में पानी के ऊपर घास भी देखी जा सकती है, जो वायरल वीडियो में दिख रही है।
- पड़ताल के दौरान हमें यूट्यूब पर एक और वीडियो मिला। इसमें ब्रिज के ऊपर कुछ युवकों को उसी तरह ब्रिज हिलाते हुए देखा जा सकता है, जैसा वायरल वीडियो में दिख रहा है।
- ये वीडियो अरू एडिट नाम के यूट्यूब चैनल पर 10 महीने पहले अपलोड हुआ था।
- पड़ताल के दौरान हमें मोरबी से भास्कर संवाददाता ने बताया कि मोरबी ब्रिज पर सैलानियों का इस तरह ब्रिज पर मस्ती करना या उसे हिलाना आम बात है। इस ब्रिज पर लोगों को ऐसा करते हुए कई बार देखा गया था।
- इस ब्रिज की खासियत ही यही थी कि यह झूले की तरह हिलता था। इसी वजह से कई सैलानी ब्रिज की रस्सी पकड़कर उसे जोर से हिलाने की कोशिश करते थे। वहीं, अब तक किसी ने भी वायरल वीडियो के हादसे या उससे कुछ दिन पहले का होने की पुष्टि नहीं की है।
- साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। ये वीडियो हादसे के दिन का नहीं बल्कि पुराना है।