कल रामलीला मैदान में होगी AAP की महारैली, केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी



नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ रविवार, 11 जून को रामलीला मैदान में होने जा रही आम आदमी पार्टी की महारैली की तैयारियां अंतिम दौर में है। शुक्रवार को पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने रामलीला मैदान पहुंच कर रैली की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन समिति के प्रमुख सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की।केजरीवाल, मान समेत AAP के बड़े नेता करेंगे शिरकत
राय ने बताया कि महारैली की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री, पार्टी के सांसद और अन्य वरिष्ठ नेता इस महारैली को संबोधित करेंगे। पार्टी के तमाम पार्षद, विधायक और अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी तादाद में आम लोग भी रैली में शामिल होंगे। लोगों को गर्मी से दिक्कत ना हो, इसके लिए पूरे मैदान में पंडाल लगाया जा रहा है। साथ ही पानी, टॉयलेट, फायर सेफ्टी और मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए भी जरूरी इंतजाम रहेंगे। पूरे पंडाल में कुर्सियां भी लगाई जाएंगी। राय ने दावा किया कि यह अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक रैली होगी। पार्टी सूत्रों ने एक लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद जताई है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से बसों का इंतजाम भी किया गया है।

चलाया जा रहा है डोर टु डोर कैंपेन
राय ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए पूरी दिल्ली में डोर टु डोर कैंपेन भी चलाया जा रहा है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बता रहे हैं कि केंद्र सरकार ने किस तरह से अध्यादेश लाकर दिल्ली की जनता का अपमान किया है। बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप पांडे, जरनैल सिंह, गुलाब सिंह, जितेंद्र तोमर, राजेश गुप्ता, ऋतुराज झा और कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *