- Hindi News
- Happylife
- Tallest Tree In Amazon Rainforest Found After Three Years And Four Failed Attempts
18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दुनिया के सबसे बड़े अमेजन जंगल में सबसे बड़ा पेड़ खोजा गया है। पूरे तीन साल की प्लानिंग, चार नाकाम कोशिशों और दो हफ्ते के सफर के बाद 19 लोगों की टीम ने यह काम कर दिखाया है। 290 फीट ऊंचा और 32 फीट चौड़ा यह पेड़ एक 25 मंजिला इमारत के बराबर है।
पेड़ का नाम एंजेलिम वर्मेल्हो
खोजे गए पेड़ की प्रजाति एंजेलिम वर्मेल्हो है। इसका साइंटिफिक नाम डिनीजिया एक्सकेल्सा है। पिछले महीने 12 से 25 सितंबर के बीच हुए अभियान में वैज्ञानिकों ने इसकी खोज की। उन्होंने 250 किलोमीटर का सफर नाव से और फिर 20 किलोमीटर का पर्वतीय सफर पैदल तय किया। वैज्ञानिकों का मानना है कि पेड़ 400 से 600 साल पुराना है।

अमेजन जंगल के एंजेलिम वर्मेल्हो पेड़ों पर कटाई का खतरा मंडरा रहा है।
2019 में सैटेलाइट फोटो में दिखा था पेड़
अमेजन का सबसे बड़ा पेड़ पहली बार साल 2019 में सैटेलाइट फोटोज में देखा गया था। उस वक्त वैज्ञानिक 3D मैपिंग की मदद से इस प्रोजेक्ट को शुरू कर रहे थे। उसी साल के आखिर में कई रिसर्चर्स, शिक्षाविद और लोकल गाइड्स ने पेड़ को खोजने के लिए 10 दिन की यात्रा की। मगर सफर के दौरान टीम के कई लोग बीमार पड़े, जिसके चलते प्रोजेक्ट वहीं रोकना पड़ा।
पेड़ का इलाका खतरे में
एंजेलिम वर्मेल्हो पेड़ों की लकड़ी बहुत कीमती होती है। इसलिए इस इलाके पर पेड़ों की कटाई का खतरा मंडरा रहा है। साथ ही यहीं इरातापुरू नदी भी है, जिसके आसपास सोने का भंडार है। यहां अवैध खनन के कारण भी तबाही मच रही है। पिछले तीन सालों में ब्राजील के अमेजन जंगल की औसत सालाना कटाई काफी बढ़ गई है। यह पिछले दशक के मुकाबले 75% ज्यादा हो गई है।